जहरीली ताड़ी से मौत के मामले में जयस ने की कार्रवाई की मांग
-कार्रवाई नहीं होने पर क्षेत्र में बड़ा जन-आंदोलन करने की चेतावनी दी
पेटलावद। टुडे रिपोटर
रुणजी निवासी प्रेम मालीवाङ की पिछले दिनों जहरीली ताड़ी से हुई मृत्यु के बाद जयस एवं आदिवासी सामाजिक संगठनों ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी पेटलावद और एसडीएम पेटलावद, टीआई पेटलावद को ज्ञापन सौंपा। संगठनों ने क्षेत्र में चल रहे अवैध ताड़ी कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि बाजार में बिक रही ताड़ी प्राकृतिक नहीं है, बल्कि बाहरी तत्व चावल का पानी, छाछ, नशीले केमिकल, ड्रग पाउडर और तंबाकू मिलाकर जहरीला मिश्रण तैयार कर रहे हैं। इसी जहरीली ताड़ी के सेवन से प्रेम मालिवाड़ की मौत हुई है। संगठनों ने मांग की कि अवैध ताड़ी की दुकानों को तुरंत बंद किया जाए और इस कारोबार में शामिल आरोपियों पर कठोर धाराओं में कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर क्षेत्र में बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन सौंपते समय कई कार्यकर्ता शामिल हुए।

