बामनिया। उत्सव राजेश सोनी
पेटलावद रोड स्थित प्रसिद्ध श्री सांचल सोनाणा तीर्थ धाम पर तीन दिवसीय भव्य वर्षगांठ महोत्सव का समापन शनिवार को महाआरती, ध्वजारोहण, भंडारा और यज्ञ की पूर्णाहुति के साथ हुआ। ध्वजारहोण होते ही श्रद्घालु खुशी से झूमने लगे। सभी ने एक-दूसरे को बधाई देकर कुंकू के छापे लगाए। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर सच्चियाय माताजी और सोनाणा खेतलाजी के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, बैंगलरू, मुंबई आदि कई जगहों से बड़ी संख्या में श्रद्घालु बामनिया पहुंचे। शनिवार सुबह पूजन, हवन, यज्ञ आदि के बाद शुभ मुहूर्त में लाभार्थी परिवार जिनेन्द्र रणजीतसिंह बाफना परिवार मेघनगर द्वारा मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण किया गया। महाआरती, महाप्रसादी के बाद भंडारे का अयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्घालुओं ने प्रसादी ग्रहण किया। सभी कार्यक्रम श्री सोनाणा खेतलाजी के परम भक्तराज राजेंद्र शांतिलाल भंडारी, तीर्थ के गादीपति विवेक लुणावत के सानिध्य में संपन्न हुए।
भजन कलाकारों ने समां बांधा
इसके पूर्व शुक्रवार रात को भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। जिसमें महेंद्रसिंह राठौर, एंड पार्टी और मधुबाला राव व कुलदीप ओझा ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। देर रात तक भजनों पर श्रद्घालु जमकर थिरके। कलाकारों द्वारा रंगारंग नृत्य की प्रस्तुतियां दी गई। मंच संचालन राजेंद्र परिहार (पाली) ने किया। इस दौरान ट्रस्ट की ओर से सभी लाभार्थी परिवारों का बहुमान भी किया गया।
भोजनशाला का हुआ महूर्त
शनिवार को भोजनशाला निर्माण के लाभार्थी परिवार गुगलिया परिवार, रतलाम द्वारा फीता काटकर भोजनशाला महूर्त किया गया।




