बदनावर से उज्जैन का 69 किलोमीटर फोरलेन के निर्माण का काम यहां शुरू हो गया है। 2 वर्षों की समय सीमा में फोरलेन का निर्माण पूरा करने की बात कही जा रही है।
केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने गत फरवरी में उज्जैन में आयोजित बड़े समारोह में मध्यप्रदेश में बनने व यहां से गुजरने वाली 534 किलोमीटर लंबी 11 सड़कों का शिलान्यास किया था। यह सड़के 6247 करोड़ रुपए की लागत से बनाई जाना है। इन्हीं में से एक उज्जैन बड़नगर बदनावर फोरलेन है। इसके लागत करीब 1352 करोड़ रुपए बताई गई है। एनएचएआई (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) के प्रमुख कार्यालय से उक्त मार्ग के निर्माण के लिए एजेंसी फाइनल करने के बाद सड़क निर्माण का काम शुरू कर दिया गया है।
विभाग द्वारा फोरलेन निर्माण 2 वर्ष में पूरा करने का दावा किया जा रहा है। उज्जैन से यह मार्ग उज्जैन इंदौर फोरलेन के तपोभूमि के पास शुरू होकर आगे बढ़ेगा, जबकि बड़नगर में ग्राम मौलाना, कजलाना, बरगाड़ी से होकर गुजरता हुआ बदनावर की तरफ पहुंच रहा है। यहाँ बड़ी चौपाटी से कुछ दूर बामनसुता ओर बड़नगर के बीच फोरलेन का काम चालू हो गया है। निर्माण कंपनी द्वारा एक साइड की खुदाई कर समतलीकरण का काम किया जा रहा है। हर 12 वर्ष में आयोजित होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ की दृष्टि से यह फोरलेन महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पेटलावद के अमरहोली तक फिलहाल ठंडे बस्ते में-
यातायात के दबाव को देखते हुए इसे उज्जैन, बड़नगर, बदनावर होकर पेटलावद के अमरहोली तक 130 किमी तक चौड़ीकरण करने का प्रस्ताव था। इसकी लागत 1130 करोड़ रुपए आ रही थी। फोरलेन बनाने के लिए इसका सर्वे कर इसे दाहोद के पास लिमड़ी तक जोड़ने की योजना प्रस्तावित थी। किन्तु अब सिर्फ उज्जैन से बदनावर तक ही फोरलेंन बन रहा है। लेकिन इसके आगे अमरहोली तक मार्ग को फोरलेन में तब्दील करने की प्रक्रिया फिलहाल ठंडे बस्ते में चली गई।
नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के परियोजना अधिकारी एमएल पुरविया ने बताया कि फिलहाल उज्जैन से बदनावर के बीच 69.1 किलोमीटर लंबा फोरलेन बन रहा है।

