ललित जैन। टुडे रिपोर्टर
रानापुर। श्री सम्मेद शिखर जैन तीर्थ को झारखंड की सरकार द्वारा पर्यटन क्षेत्र घोषित किए जाने के विरोध में बुधवार को पूरे देशव्यापी आंदोलन के अंतर्गत राणापुर में भी सकल जैन समाज द्वारा एक विशाल रैली नगर बंद एवं धरना प्रदर्शन का आयोजन कर अपना विरोध दर्ज करवाया।
आंदोलन की रूपरेखा मंगलवार को तैयार होते ही पूरे नगर में मुनादी किए जाने के बाद राणापुर नगर में आज सुबह से पूरे नगर की समस्त व्यापारिक प्रतिष्ठान लोगों ने अपनी स्वेच्छा से बंद रख इस बंद को पूर्ण समर्थन प्रदान किया । दोपहर में 1 बजे अग्रवाल मंदिर से एक विशाल आक्रोश रैली निकाली गई। जिसमें झारखंड की सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए सम्मेद शिखर तीर्थ को पर्यटन क्षेत्र से मुक्त रखे जाने की पुरजोर मांग की आक्रोश रैली के पश्चात पुराना बस स्टैंड पर समस्त समाज जनों ने धरना प्रदर्शन किया।कार्यक्रम की शुरुआत शिल्पा कोड़िया द्वारा मंगलाचरण से हुई।प्रिया सियाल व ग्रुप ने सम्मेदशिखर बचाने जैनों आगे आओ भजन का मुखड़ा सुनाया।
धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए संजय अग्रवाल ने पूरे आंदोलन के विषय की विस्तार से जानकारी देते हुए केंद्र सरकार के पर्यटन मंत्री द्वारा संसद में सांसदों के समक्ष बोले गए झूठ के बारे में सभी को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि झारखंड सरकार के प्रस्ताव पर केंद्र की सरकार में अपनी सहमति देकर भारत के राजपत्र में इसका उल्लेख किया है। उन्होंने सिलसिलेवार जैन समाज के द्वारा देश के विकास में दिए जा रहे टैक्स,जीडीपी में योगदान की जानकारी दी ।
सभा को यशवी शाह, राहुल डोशी, तनिष्का अग्रवाल, सुरेश समीर, तरुण सकलेचा, प्रवीण नाहर,विवेक उपाध्याय,आशीष सोनी,संदेश सेठिया ,नयनी डोशी आदि ने भी अपने शब्दो के माध्यम से झारखंड की सरकार को चेतावनी देते हुए इस निर्णय को बदलने की मांग की ।
धरना के पश्चात नायब तहसीलदार पलकेश परमार एवं थाना प्रभारी संजय रावत को एक ज्ञापन राणापुर श्वेतांबर जैन श्री संघ के प्रमुख चंद्रसेन कटारिया दिलीप सकलेचा दिगंबर जैन समाज के प्रमुख हसमुख जैन,अग्रवाल जैन समाज प्रमुख पवन अग्रवाल ने दिया । ज्ञापन का वाचन ललित सालेचा ने किया । संचालन कमलेश नाहर ने किया। आभार यतिंद्र डोशी ने माना ।

