शराबी पति की करतूत,राहगीर एवं पुलिस ने बचाई जान
पेटलावद।
गुजरात से उज्जैन दर्शन करने जा रहे एक दम्पति के बीच शराब पीने की बात को लेकर विवाद हो गया तो पति ने नाराज होकर आत्महत्या करने के लिए माही नहर में छलांग लगा दी। पति को डूबता देख पत्नी चिल्लाई। संयोग से उसी वक्त दो युवक उधर से निकले जिन्होंने डूबते हुए युवक को निकालने के लिए छलांग लगाकर बाहर खींच लिया।
जानकारी के अनुसार गुजरात के रहने वाले आकाश पिता नगीनभाई परमार उज्जैन दर्शन हेतु अपने परिवार के साथ कार से जा रहे थे। करीबन 11 बजे के लगभग सारंगी नहर के पास पहुंचे थे ।जहॉ पर पत्नि द्वारा शराब पीने से मना करने की बात को लेकर विवाद हुआ और गुस्से में आकर एकाएक अपनी कार से उतरकर पानी से भरी नहर में छलांग लगा दी। दम्पति के साथ एक छोटा बच्चा भी था।
देवदूत बनकर आए
------------
वहॉ से गुजर रहे राकेश भाभर और भारत भूरिया निवासी छायनपाड़ा द्वारा उक्त व्यक्ति को बचाने के लिए छलांग लगा दी एवं डुबते व्यक्ति को बाहर निकाला पास में ही थाना प्रभारी पेटलावद और एसडीआरएफ की टीम द्वारा एक्सीडेंट वाले स्थान पर होने से सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे। उक्त व्यक्ति के पेट से पानी निकालकर उसकी जान बचाई एवं प्राथमिक उपचार करवाया गया।
खतरे से बाहर है युवक
-----
उक्त व्यक्ति प्राथमिक उपचार के बाद खतरे से बाहर होना डाक्टर द्वारा बताया गया। निश्चित रूप से मौके पर ग्रामीण एवं रेस्क्यू टीम द्वारा समय पर कार्यवाही नहीं की जाती तो मृत्यु होना तय थी। उक्त कार्य के लिए एसडीआरएफ टीम और थाना प्रभारी पेटलावद राजू सिंह बघेल, चौकी प्रभारी सारंगी रामसिंह चौहान का विशेष योगदान रहा।पुलिस अधीक्षक अगम जैन द्वारा साहसिक कार्य के लिए दोनों युवकों को असली हीरो के रूप में सम्मानित करने के निर्देश दिए हैं।
====

