नाली निर्माण नहीं होने से परेशान है रहवासी
पेटलावद। तन्मय चतुर्वेदी
नगर के माधव कॉलोनी इलाके में पहले से ही तंग गलियां बनी हुई है। उस पर से कई इलाके ऐसे हैं जहां पर पक्की नालियां नहीं बनी है। ऐसे में यहां के रहवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार कुछ दिनों पहले वार्ड क्रमांक 1 माधव कॉलोनी में नाली की सफाई के नाम पर नगर परिषद ने 4 फीट गहरी नाली की खुदाई कर दी। जिससे यहां निवास करने वाले करीब 40 से अधिक परिवार अपने घरों में ही जाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालकर पहुंच रहे हैं। यह समस्या कोई आजकल की नहीं है कई वर्षों से इस समस्या से यहां के रहवासी ग्रसित हैं इस संबंध में कई बार पूर्व व वर्तमान की नगर परिषद को भी अवगत करवाया। लेकिन आज तक कोई कार्य इस पर नहीं हो पाया। बरसात के दिनों में यहां पर समस्या दोगुनी हो जाती है। ऐसे में रहवासियों के सामने नगर परिषद को कोसने के अलावा कुछ नहीं बचता।
इस संबंध में जब पार्षद मुकेश परमार से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया जल्द ही इस समस्या का निराकरण के लिए प्रयास किया जाएगा।


