पेटलावद। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सर्व हिंदू समाज के बैनर तले चैत्र शुक्ल प्रतिपदा, गुड़ी पड़वा एवं हिंदू नववर्ष का पर्व गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर नगर में प्रभातफेरी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में मातृशक्ति, युवाओं और बुजुर्गों ने सहभागिता की।
सूर्य अर्घ्य के साथ हुई मंगल शुरुआत-
कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय शंकर मंदिर से हुआ। नववर्ष की पहली किरण के साथ ही उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर राष्ट्र की सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना की। मंदिर प्रांगण जय श्रीराम और हर-हर महादेव के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा।
प्रभातफेरी शंकर मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से निकली। केसरिया ध्वज, ढोल-मंजीरों और पारंपरिक वेशभूषा के साथ समाजजन भजन गाते हुए चल रहे थे जिन्होंने उत्सव के रंग को और गहरा कर दिया।
यात्रा पुनः शंकर मंदिर पहुँची, जहाँ एक दुसरो को शुभकामनाएं के पश्चात कार्यक्रम का समापन हुआ। सभी ने एक-दूसरे को तिलक लगाकर और गले मिलकर नववर्ष की बधाई दी। सर्व हिंदू समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य अपनी संस्कृति के प्रति गौरव भाव जागृत करना और समाज को संगठित करना है।

