तन्मय चतुर्वेदी पेटलावद।
मध्य प्रदेश शासन की कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। कड़ी मेहनत और लगन से ही विद्यार्थी अपने माता-पिता, क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।
वे शनिवार को पेटलावद स्थित सांदीपनी विद्यालय में आयोजित गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के उद्घाटन समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थीं।
एआई के युग में संस्कारों और सुरक्षा पर जोर देते हुए
मंत्री श्रीमती भूरिया ने आधुनिक शिक्षा और तकनीक पर चर्चा करते हुए कहा कि आज के एआई के दौर में हमें खुद को और बच्चों को डिजिटल खतरों से सुरक्षित रखने की चिंता करनी होगी। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे मोबाइल के अनावश्यक उपयोग से दूर रहकर पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करें। उन्होंने कहा, समय बीत जाने के बाद केवल पछतावा हाथ लगता है, इसलिए अपने भविष्य को संवारने की जिम्मेदारी स्वयं लें।
मंत्री भूरिया ने कहा कि सांदीपनी विद्यालय की स्थापना का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि प्राचीन गुरुकुल परंपरा की तरह उन्हें उत्तम नागरिक और संस्कारवान बनाना है। पढ़ाई के साथ बच्चों में नैतिक मूल्यों का संचार होना अत्यंत आवश्यक है ताकि वे अपना सर्वांगीण विकास कर सकें।
गुरु पूजन और सम्मान समारोह-
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना और दीप प्रज्वलन से हुई। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया ने वरिष्ठ शिक्षकों - सत्यनारायण भाटी, ओएस मेड़ा, एनएस पंवार, कृष्णकांत शुक्ला, जमनालाल लछेटॉ, श्रीमती सीता ठाकुर और दीपक भटेवरा का शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मान किया और उनका आशीर्वाद लिया। साथ ही, जिले के 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के मेधावी विद्यार्थियों और उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष हेमन्त भट्ट ने कहा मंत्री भूरिया के प्रयासों से प्रदेश की भाजपा सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में आधुनिक परिवर्तन किया, जिससे हमारा क्षेत्र भी अछूता नही है।
जनपद अध्यक्ष रमेश सोलंकी ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि निर्मला दीदी प्रदेश की आधी आबादी का नेतृत्व महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से कर रही हैं। मंडल अध्यक्ष संजय कहार ने गुरु को जीवन का मार्गदर्शक बताया। इसके अतिरिक्त सहायक आयुक्त सुप्रिया बिसेन और जिला शिक्षा अधिकारी एसएस बामनिया ने भी विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया। प्राचार्य पुरालाल चौहान ने स्वागत भाषण दिया, जबकि विद्यार्थियों में अक्षरा खान और शिवन्या भट्ट ने गुरु महिमा पर अपने विचार व्यक्त किए।
संचालन राहुल पाटीदार और अर्पिता गणावा ने किया। आभार बीईओ देवेंद्र ओझा ने माना। इस अवसर पर पूर्व नप अध्यक्ष मनोहर भटेवरा, अनिल मुलेवा, सोनू विश्वकर्मा, जगदीश जाटव, मुकेश पुरोहित, आशीष बाविस्कर, लायंस क्लब अध्यक्ष अनुराग गौड़, शिवा राठौड़, तहसीलदार यशपाल मुजाल्दा, टीआई निर्भयसिंह भूरिया, बीआरसी रेखा गिरी, प्राचार्य योगेंद्र प्रसाद, हरीश कुंडल, योगेश मोदी, ज्ञानेंद्र ओझा, महेंद्र खुराना, अनिल परमार, अंजली मुलेवा, किरण परमार और सुनील भूरिया सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
एक पेड़ माँ के नाम अभियान का शुभारंभ-
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया ने एक पेड़ माँ के नाम अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया। पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लायंस क्लब, पेटलावद सेंट्रल के सहयोग से विद्यालय को ट्री-गार्ड भी भेंट किए गए, ताकि लगाए गए पौधों का संरक्षण किया जा सके।


