घुघरी। प्रवीण बसेर
हाई स्कूल घुघरी में शुक्रवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय पर्व हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और ग्रामवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत गांव में प्रभात रैली के साथ हुई। उपस्थित छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने "भारत माता की जय", "वंदे मातरम" और "जय हिन्द" के जोशीले राष्ट्र समर्पित नारे लगाते हुए पूरे गांव में रैली निकाली। तिरंगे के साथ निकली रैली को देखकर ग्रामीणों में देशभक्ति का माहौल देखा गया।
स्कूल परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के प्राचार्य मनोहर लाल बसेर ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सरपंच मंजरी मंजुडी बाई मालीवाड़, विशिष्ट अतिथि के रूप में उप सरपंच भारत सिंह राठौर उपस्थित रहे।
इस अवसर पर भाजपा पिछड़ा वर्ग के पदाधिकारी रमेश चंद्र पोरवाल, ग्रामीण भाजपा मंडल मंत्री प्रवीण बसेर और सरपंच प्रतिनिधि गोवर्धन मालीवाड़ भी विशेष रूप से मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन सुनीता हाडा द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य मनोहर लाल बसेर ने स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को याद करते हुए छात्रों को देश सेवा और अनुशासन का संदेश दिया। अतिथियों ने भी अपने उद्बोधन में युवाओं से नशे से दूर रहकर पढ़ाई में आगे बढ़ने की अपील की।
*40 छात्र-छात्राओं को मिली निशुल्क साइकिल*
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हाई स्कूल घुघरी में कक्षा 6 से 9 तक के 25 बालक और 15 बालिकाओं सहित कुल 40 छात्र-छात्राओं को शासन की योजना के तहत निशुल्क साइकिल वितरित की गई। साइकिल पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। अतिथियों ने बच्चों को बधाई देते हुए कहा कि इससे दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को स्कूल आने में सुविधा होगी।
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरण के साथ समापन हुआ। इस दौरान शिक्षिका सीमा मेहता व बड़ी संख्या में शिक्षक, पालक और ग्रामीण उपस्थित रहे।

