बंटी व्यास |शाजापुर
शाजापुर। प्रोग्रेसिव पेंशनर्स एसोसिएशन, शाजापुर द्वारा बुधवार को आदित्य नगर स्थित श्री गणेश हॉल में स्वास्थ्य शिविर एवं पेंशनर्स संकल्प सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि यूको बैंक, इंदौर की क्षेत्रीय मुख्य प्रबंधक (रिसोर्स विभाग) सुश्री मीरा वर्मा थीं। विशेष अतिथि समाजसेवी राजेश माहेश्वरी एवं यूको बैंक, शाजापुर के प्रबंधक सुनील मीना उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारतमाता के चित्र के सामने दीपप्रज्जवन कर तथा अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान से हुआ। आदित्य नगर के पेंशनर्स रतनलाल चौहान, धनसिंह राय, बाबूलाल शर्मा एवं ओमप्रकाश सोनी ने एसोसिएशन के प्रांतीय सचिव केलाशनारायण सूर्यवंशी, संभागीय उपाध्यक्ष अवधेशकुमार शेषा, कार्यकारी जिला अध्यक्ष डॉ. बालेन्द्र श्रीवास्तव तथा पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. जगदीश भावसार का शॉल एवं अंगवस्त्र से सम्मान किया।
एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष राजेन्द्र रिणवा ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि संगठन निरंतर मजबूत हो रहा है तथा ऐसे ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ एवं अनुभवी पेंशनर्स इससे जुड़ रहे हैं, जिन्होंने अपने सेवाकाल में उत्कृष्ट कार्य किया है। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन अपने सदस्यों के अधिकारों की रक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन कर रहा है। इसी उद्देश्य से संगठन में पर्यावरण प्रकोष्ठ का गठन कर उसके लिए वित्तीय प्रावधान भी स्वीकृत किया है।
मुख्य अतिथि मीरा वर्मा ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए यूको बैंक द्वारा पेंशनर्स के लिए उपलब्ध बैंकिंग सुविधाओं एवं योजनाओं की जानकारी दी। शाखा प्रबंधक सुनील मीना ने पेंशनर खाताधारकों को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। सम्मेलन को प्रांतीय सचिव केलाशनारायण सूर्यवंशी तथा पर्यावरण प्रकोष्ठ के सह-संयोजक शिरीष सुमन शर्मा ने भी संबोधित किया।
सम्मेलन के साथ आयोजित आयुष विभाग के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 61 पेंशनर्स ने आयुर्वेद एवं होम्योपैथी विशेषज्ञों से स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं निःशुल्क औषधियों का लाभ प्राप्त किया। शिविर में डॉ. सीमा बड़िया, डॉ. ममता सोलंकी, डॉ. दिनेश गुर्जर सहित आयुष विभाग के बी.एस. हनोतिया, प्रियंका खंडेलवाल, मोहम्मद रईस मंसूरी एवं रामबाबू सोलंकी आदि ने सेवाएं प्रदान कीं। उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए एसोसिएशन द्वारा अंगवस्त्र भेंट कर उन्हें सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पेंशनर्स प्रकाश रोकड़े, रामचंद्र चौहान, ओ.पी. विजयवर्गीय, लक्ष्मीनारायण कटारिया, रवीन्द्र श्रीवास्तव, चंद्रकांत मोहाडकर, हरीश शर्मा, लक्ष्मी यादव, दिलीप जोशी, बालचंद्र सोराष्ट्रीय, बलराम झांझोट, नरेन्द्र सिंह वर्मा सहित बड़ी संख्या में पेंशनर्स उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पेंशनर मनोहरलाल राय ने किया।

