घुघरी।प्रवीण बसेर
भाबरापाड़ा में एक माह से चल रहे रामदेव भंडारे का भादवा बीज रविवार को समापन हो गया। इस अवसर पर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना के साथ महाप्रसादी का भोग लगाया गया और भगवान बाबा रामदेव की विशेष पूजा-अर्चना कर आरती की गई।
रामदेवरा समिति भाबरापाड़ा द्वारा पिछले 6 वर्षों से बाबा रामदेव के दर्शन के लिए रामदेवरा जा रहे जातरुओं के लिए निःशुल्क भोजन, चाय-नाश्ता और ठहरने की व्यवस्था की जा रही है। इस वर्ष भी आसपास के क्षेत्रों से गुजरने वाले सैकड़ों यात्रियों ने भंडारे का लाभ उठाया।
समापन कार्यक्रम के तहत भंडारे का आयोजन किया गया, जिसके बाद पूरे गांव में भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस में सैकड़ों श्रद्धालु बाबा रामदेव के भजनों पर जयकारे लगाते और झूमते हुए शामिल हुए। इससे पूर्व शनिवार रात को भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
यह आयोजन भाबरापाड़ा सहित आसपास के ग्रामीणों के सहयोग से संपन्न हुआ।


